अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला- रोजगार जैसे गंभीर मुद्दे को भाजपा ने बनाया मजाक
Vidya Gyan Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा है कि भाजपा (BJP) की नीयत और नीति युवा विरोधी है। रोजगार जैसे गम्भीर विषय को भी भाजपा ने मजाक बना रखा है। अखिलेश यादव ने शनिवार को यह बात विभिन्न जिलों से आए युवाओं से कही।
युवाओं ने अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) से कहा कि मौजूदा सरकार (Yogi Govt) ने रोजगार के अवसर खत्म कर दिये हैं। किसी भी वैकेंसी की तय समय पर भर्ती नहीं हो रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी अनियमितताएं आये दिन प्रकाश में आती रहती है। कई परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद भी रद्द कर दिये जाते है।
युवाओं ने आगे कहा, भाजपा सरकार की दोषपूर्ण नीतियों के कारण युवाओं में आक्रोश है। चार वर्ष के भाजपा शासनकाल में चार लाख नौकरी का दावा खोखला है। इसका सच्चाई से कोई वास्ता नहीं है। उत्तर प्रदेश के छात्रों-युवाओं का विश्वास श्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में है।
इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि नौजवानों का भविष्य हर हाल में सुरक्षित रखा जायेगा। समाजवादी पार्टी इसके लिए प्रतिबद्ध है। पिछली समाजवादी सरकार में यूपी को रोजगार सृजन के मामले में अग्रणी बनाने के लिए अनेक प्रयास किए गए थे। युवाओं को जहां कौशल विकास के माध्यम से रोजगार के लिए आत्मनिर्भर बनाया गया वहीं अनेक नियुक्तियां समय से पूरी की गई। लोहिया वाहिनी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप तिवारी ने अखिलेश यादव को श्रीकृष्ण-सुदामा का चित्र भेंट कर आभार जताया।